पटना पुस्तक मेले में आज शाम 3 से 4 बजे वाणी प्रकाशन ग्रुप के पर्यावरण को समर्पित उपक्रम ‘वाणी पृथ्वी’ से प्रकाशित ‘बाघ : विरासत और सरोकार' के लेखक समीर कुमार सिन्हा और लेखिका विनीता परमार पुस्तक परिचर्चा करेंगे व कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लेखक व अनुवादक यादवेन्द्र करेंगे।
साथ ही इसी दिन शाम 4 से 5 बजे ‘वाणी कविता कुम्भ’ का आयोजन किया जायेगा जिसमें राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के पौत्र अरविन्द कुमार सिंह, वरिष्ठ कवयित्री निवेदिता झा, वरिष्ठ कवि अरुण शितांशु, कवि राजेश कमल, कवयित्री नताशा और कवि अंचित के साथ युवा पाठकों का आगाज़ होगा।
12 दिसम्बर 2022 को शाम 3 बजे बिहार के माननीय मुख्यमन्त्री नीतीश कुमार के जीवन व राजनीति पर आधारित पुस्तक ‘प्रयोगधर्मी-विकास शिल्पी : नीतीश कुमार’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया जायेगा। पुस्तक का सम्पादन जाने-माने लेखक व सम्पादक श्री कुमार वरुण द्वारा किया गया है। पुस्तक लोकार्पण में उपस्थित होंगे - बिहार सरकार के वाणिज्यकर और संसदीय कार्य मन्त्री विजय कुमार चौधरी, राज्यसभा के सदस्य व समाजवादी चिन्तक बशिष्ठ नारायण सिंह, साहित्यकार पद्मश्री उषाकिरण खान, पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. रासबिहारी सिंह और बिहार राज्य पुस्तकालय एवं सूचना केन्द्र प्राधिकार के सदस्य डॉ. चन्द्रभूषण राय। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत वाणी प्रकाशन ग्रुप के चेयरमैन व प्रबन्ध निदेशक अरुण माहेश्वरी द्वारा किया जायेगा।